उतरौला/गौरा चौराहा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार रात पिपराघाट के पास राप्ती नदी में एक दंपती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद एनडीआरएफ टीम और उतरौला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन पति अब भी लापता है। पुलिस के मुताबिक दंपती की पहचान काली प्रसाद चौहान और उनकी पत्नी लाली देवी निवासी तुलसीपुर थाना क्षेत्र के सड़वा गुलरिहा गांव के रूप में हुई है।
काली प्रसाद पत्नी के साथ शनिवार को ही बहन की ससुराल रेहरा थाने के महिला गांव गए थे, वहीं से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पुल पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच काली प्रसाद अचानक नदी में कूद पड़ा। यह देखकर पत्नी ने भी छलांग लगा दी। गणेश विसर्जन में जुटी भीड़ के बीच नदी में कूदी लाली देवी मूर्तियों से टकराकर फंस गई। इस दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने महिला को बाहर निकाल लिया। वहीं, काली प्रसाद (23) गहरे पानी में डूब गए। उनका अभी पता नहीं चल सका है।
मौके पर मौजूद उतरौला थाने के अपराध निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। गौरा चौराहा थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि युवक की खोज की जा रही है।
फोटो-22-संध्या-फाइल फोटो