फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: सुबह-शाम बढ़ने लगा ठंड का असर, दिन में धूप से मिल रही राहत

Sat, 14 Nov 2026 10:58 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-21- गैसड़ी क्षेत्र में कोहरे के बीच गुजरते वाहन। संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। नवंबर का दूसरा पखवारा शुरू होते ही मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। सुबह और देर शाम ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को अब हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। वहीं, रात में खुले स्थानों और ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
विज्ञापन


मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। आसमान साफ रहने के साथ दिन में धूप निकलने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार से रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। 17 और 18 नवंबर को न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और रात में ठंड का असर और बढ़ेगा।

जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव के आसार हैं। उन्होंने बताया कि सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने से सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो सकता है। एआरटीओ बृजेश ने बताया कि वाहनों के संचालन की निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही लोगों से वाहनों में फॉग लाइट लगाने की अपील की गई है।
विज्ञापन


हरैया के राम कुमार पांडेय ने बताया कि सुबह नौ बजे तक कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन में धूप निकल आई। वहीं, शहर के डीपी सिंह ने बताया कि शाम पांच बजे से ही फिर धुंध छाने लगी और रात में ठंड का असर बढ़ गया।

बदलते मौसम में स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता जरूरी

दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने का असर लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ रहा है। सुबह जल्दी काम पर जाने वाले मजदूरों, किसानों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव की जरूरत है। जिला मेमोरियल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गिरधर चौहान ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण की शिकायतें बढ़ रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने चाहिए। ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करने के साथ खानपान में भी सावधानी बरतना जरूरी है।

किसानों के लिए मौसम अनुकूल, सिंचाई पर ध्यान जरूरी

फिलहाल बारिश नहीं होने और दिन में धूप निकलने से रबी फसलों की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिली है। गेहूं की बुआई के लिए खेत तैयार किए जा रहे हैं। कृषि विशेषज्ञ डॉ. सियाराम ने बताया कि तापमान में गिरावट को देखते हुए किसानों को फसलों की बुआई समय से पूरी कर लेनी चाहिए। खेतों में नमी बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार सिंचाई करनी चाहिए। सरसों, मटर और आलू की खेती करने वाले किसानों को भी तापमान में बदलाव के अनुसार फसलों की देखभाल करनी होगी।
विज्ञापन

मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए अगले कुछ दिनों में दिन की धूप और रात की ठंड के बीच अंतर और बढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें