बलरामपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों और बचाव के प्रति जागरूक किया गया। स्कूल ऑफ होम साइंस एंड कम्युनिटी स्टडीज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता के साथ जागरूकता व्याख्यान भी हुआ। इसमें 32 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
मधुमेह से बचाव विषय पर व्याख्यान देते हुए डॉ. रमा मौर्य ने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और दिनचर्या में सुधार करके मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है। इसके लिए प्रतिदिन टहलना, शारीरिक श्रम करना और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भोजन में तेल का अनावश्यक और अधिक इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
डॉ. रमा मौर्य ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ आदतें अपनाकर मधुमेह जैसी बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. दिशिता सिंह ने किया। इस दौरान डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रजत सिंह, डॉ. अवनीश सिंह, डॉ. अंगद सिंह सहित अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।