बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड में लगी पटाखों की दुकान पर खरीदारी करते लोग ।-संवाद
बलरामपुर। दिवाली के मौके पर तीन तहसील क्षेत्रों में पटाखा बाजार सज गया है। हर बार की तरह इस बार भी देशी पटाखों की धूम मची है। जमीन पर दागे जाने वाले पटाखों से लेकर आसमान में फूटने वाले राॅकेट लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इस साल कीमतों में बीस से तीस फीसदी का इजाफा देखने को मिल रहा है।
शहर में बड़ा परेड ग्राउंड, उतरौला के भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज के बगल स्थित मैदान तथा तुलसीपुर के स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज के पास मैदान में अस्थायी पटाखों की दुकानें सजाई गई हैं। शहर के अस्थायी पटाखा बाजार में इस बार देसी पटाखों की काफी धूम है। इस बार ज्यादातर पटाखे स्वदेशी हैं।
वहीं दुकानदार भी देसी पटाखा बेचने को तरजीह दे रहे हैं। पटाखा बाजारों में छोटा अनार, बड़ा अनार, चर्खी, छोटे व बडे़ राॅकेट, सादा फुलझड़ी, रंग-बिरगी फुलझड़ी, मेहताब के साथ देशी बमों की काफी मांग है। पटाखा बाजार स्थित दुकानदार मेहताब के अनुसार इस बार बाजारों में देसी पटाखों की कई किस्में मौजूद हैं, जो लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं।