फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: अंग्रेज अधिकारी जीडब्लू शम्स थे बलरामपुर नगर पालिका के पहले अध्यक्ष

Mon, 29 Jun 2026 10:43 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-15- नगर ​स्थित तिकोना पार्क। संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। नगर पालिका परिषद बलरामपुर मंगलवार को अपना 155वां स्थापना दिवस मनाएगी। नगर पालिका की स्थापना 30 जून 1871 को तत्कालीन बलरामपुर रियासत के महाराजा दिग्विजय सिंह के शासनकाल में हुई थी। वर्ष 1887 में अंग्रेज अधिकारी जी.डब्ल्यू. शम्स नगर पालिका के पहले अध्यक्ष बने। पिछले 155 वर्षों में नगर की आबादी लगभग 18 गुना बढ़ चुकी है, लेकिन सीमा विस्तार न होने के कारण नगर का क्षेत्रफल लगभग यथावत बना हुआ है। हालांकि, वर्ष 1997 में बलरामपुर के जिला बनने के बाद नगर के विकास को नई गति मिली।
विज्ञापन

नगर पालिका की स्थापना के बाद तीन अंग्रेज अधिकारी अध्यक्ष पद पर रहे। इनमें जी.डब्ल्यू. शम्स (1887-1893), टीईडी इनेस रवेट (1893-1903) तथा एचएस बेट्स (1936-1943) शामिल हैं। देश की आजादी के बाद वर्ष 1953 में बलदेव प्रसाद सैलानी नगर पालिका के पहले भारतीय अध्यक्ष बने।

नगर पालिका के 155 वर्षों के इतिहास में अब तक 21 अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं, जबकि दो कार्यवाहक अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा 16 आईएएस एवं पीसीएस अधिकारियों ने प्रभारी अधिकारी के रूप में नगर पालिका का दायित्व संभाला।
विज्ञापन


स्थापना के समय वर्ष 1871 में नगर की आबादी लगभग 8,500 थी, जो वर्तमान में बढ़कर 1.50 लाख से अधिक हो चुकी है। उस समय नगर पालिका में 15 वार्ड थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 25 हो गई है।

यद्यपि नगर की आबादी और आवश्यकताओं में लगातार वृद्धि हुई, लेकिन लंबे समय तक विकास अपेक्षित गति से नहीं हो सका। वर्ष 1997 में जिला गठन के बाद नगर में विकास कार्यों में तेजी आई। इस दौरान अनेक सरकारी भवनों का निर्माण, पार्कों एवं सरोवरों का विकास, सड़कों का चौड़ीकरण, नाली-खड़ंजा निर्माण तथा पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।

महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह के कार्यकाल में हुआ उल्लेखनीय विकास
बलरामपुर रियासत के महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह भी नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 1903 से 1921 तक उनके कार्यकाल में नगर का उल्लेखनीय विकास हुआ। बताया जाता है कि महाराजा शिवभक्त थे, इसलिए उन्होंने नगर में अनेक शिवालयों का निर्माण कराया। इसके अलावा पत्थर की सड़कों के दोनों ओर पक्की नालियों का निर्माण कराया गया तथा बिजलीघर की स्थापना के साथ विभिन्न वार्डों में सरोवर भी बनवाए गए।
धूमधाम से मनाया जाएगा 155वां स्थापना दिवस
नगर पालिका परिषद बलरामपुर का 155वां स्थापना दिवस 30 जून को भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर नगर के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन एमएलके महाविद्यालय सभागार में होगा, जहां सम्मान समारोह के साथ कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन

— डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष, नगर पालिका
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें