-बलरामपुर के ठाकुरपुरवा गांव में रोते-बिलखते परिजन।-संवाद
हरैया सतघरवा। क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर के मजरे ठाकुरपुरवा निवासी विजय कुमार (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर के सामने टिनशेड की बांस-बल्ली के सहारे मंगलवार रात करीब 10 बजे युवक का शव लटकता मिला।
हरैया क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपुरवा निवासी उषा देवी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे मेरे पति विजय कुमार खाना खाने के बाद लेट गए। बेटे अजय कुमार (10) व बेटी रोशनी (08) को खाना खिलाने के बाद पति के कमरे में गई तो वह वहां मौजूद नहीं थे। बाहर निकली तो देखा घर के सामने टिनशेड के बरामदे में रस्सी के सहारे उनका शव लटक रहा था। नीचे प्लास्टिक कुर्सी भी पड़ी थी। पति को इस हालात में देखकर पत्नी व बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। पत्नी व बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी आ गए। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम के साथ सभी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जांच की जा रही है।