बलरामपुर। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया है।
सभी अस्पतालों के अधीक्षकों व स्वास्थ्य अधिकारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने, गैर राज्यों से आने वाले व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सैंपलिंग करते हुए आइसोलेट किए जाने और संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को बेहतर ढंग से संचालित कराने का निर्देश दिया गया है।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम श्रुति ने कहा कि कोरोना महामारी एक बार फिर से बढ़ने लगी है। कोरोना रोकथाम के लिए सभी लोगों को सतर्कता बरतने की जरुरत है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कारगर उपाय व प्रयास किए जाएं।
कोविड 19 बचाव, रोकथाम, टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की डीएम ने गहन समीक्षा की। कोविड 19 टीकाकरण की समीक्षा के दौरान गैड़ास बुजुर्ग, गैसड़ी, पचपेड़वा, शिवपुरा, तुलसीपुर, उतरौला व रेहरा बाजार ब्लॉकों में टीकाकरण कम पाए जाने पर डीएम ने सभी एमओआईसी को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने का निर्देश दिया।
टीकाकरण सत्र पर सैनेटाइजर की उपलब्धता, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने आदि की जिम्मेदारी सौंपी गई। बीएसए डॉ. रामचंद्र को निर्देश दिया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग के सभी स्कूलों में प्रार्थना के समय बच्चों को शिक्षक स्वच्छता व वेक्टरजनित रोगों के बारे में जानकारी देकर जागरुक करें।
दस्तक अभियान के तहत वॉल पेंटिंग कराए जाएं। आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड विशेष अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने कम प्रगति पाए जाने पर सभी ब्लॉक स्तरीय अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों पर नाराजगी जताई।