बलरामपुर। होली त्योहार को लेकर विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारियों की एक बैठक शुक्रवार की देर शाम नगर पालिका प्रांगण में हुई। बैठक में कमेटी के पदाधिकारियों से होली के दौरान साफ-सफाई, जलापूर्ति व रोशनी आदि की बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव लिया गया। होलिका दहन के लिए नगर पालिका की तरफ से नगर के सभी 65 स्थलों पर तीन-तीन क्विंटल लकड़ी पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष किताबुन्निशा की तरफ से बुलाई गई बैठक में आए हुए अतिथियों एवं होली कमेटियों के पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं अंग वस्त्र भेंटकर अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने पदाधिकारियों के सुझाव पर बताया कि होलिका दहन के दिन सभी होलिका स्थलों पर साफ सफाई कराकर चूने व पानी का छिड़काव कराया जाएगा।
होलिका दहन के लिए सभी स्थलों पर तीन-तीन क्विंटल लकड़ी पहुंचाई जाएगी। होली के लिए प्रात: चार बजे से देर रात तक पेयजल आपूर्ति की जाएगी। बिजली न रहने पर जनरेटर द्वारा ओवर हेड टैंक से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
नगर के मुख्य मार्गों पर जनरेटर द्वारा पथ प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी। अध्यक्ष ने लोगों से अपील किया कि होली आपसी प्यार व सौहार्द बढ़ाने का त्यौहार है। इस त्यौहार को हम सभी लोग मिल जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
बैठक में मौजूद राज कुमार श्रीवास्तव, रास बिहारी शुक्ला, कुसुम चौहान, राम मनोरथ मिश्रा, रघुनाथ शुक्ला, लाल जी गिरि, राम प्यारे कश्यप, बृजेंद्र तिवारी, तुलशीश दूबे, संजय शर्मा, रमेश पाहवा, अविनाश मिश्रा, सुभाष पांडेय, डा. अनवारूल हक व कृष्ण गोपाल गुप्ता आदि अतिथियों ने लोगों से होली त्योहार को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की बात कही।
कहा कि यदि कोई व्यक्ति रंगों से परहेज करता हो तो उसे जबरदस्ती रंग न लगाएं। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। इस दौरान अतिथि प्रतिनिधि ने सभी सभासदों का भी स्वागत करते हुए होली त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर सभासद संजय कुमार मिश्रा, राघवेंद्र कांत सिंह मंटू, विनोद गिरि, पंकज गुप्ता, केके तिवारी व सुभाष पाठक आदि मौजूद रहे।