बलरामपुर। नगर क्षेत्र के नजमी उर्फ नरगिस की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले आरोपी मोहल्ला निमकौनी निवासी शफीक को इलाज के बाद शनिवार को जेल भेज दिया गया। आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है। युवती व आरोपी के बीच का वीडियो वायरल होने पर विवाद हुआ था। बातचीत बंद होने पर आरोपी ने युवती की हत्या कर दी थी।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला पुरैनिया तालाब निवासी शहनवाज ने 30 सितंबर को केस दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते शफीक ने मेरी पत्नी नरगिस की चाकू से बार वार करके हत्या कर दी। आरोपी ने उसी चाकू से वार करके खुद को भी घायल कर लिया था। एसपी विकास कुमार के निर्देश पर आरोपी का बहराइच में इलाज कराया गया। स्वस्थ होने के बाद आरोपी को प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह की टीम ने जेल भेज दिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस से बताया कि उसका नरगिस से 12 वर्ष से प्रेम संबंध था। इसीलिए अब तक शादी नहीं की। अप्रैल में दोनों के बीच का फोटो व वीडियो वायरल कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। उसने बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात को लेकर मैं उसके घर गया और हत्या कर दी।