बलरामपुर के विशुनपुर विश्राम में कबड्डी खेलते खिलाड़ी ।
गैसड़ी। थारू जनजाति समाजोत्थान समिति के तत्वावधान में मंगलवार को विशनपुर विश्राम में आयोजित थारू महोत्सव खेलों का संगम बन गया। सुबह से ही मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। विभिन्न जिलों से आए थारू समाज के युवाओं ने दौड़, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और पारंपरिक खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महोत्सव का शुभारंभ पूर्व विधायक शैलेश कुमार शैलू और ब्लॉक प्रमुख मनोज तिवारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने और युवा ऊर्जा को सही दिशा देने का सबसे बड़ा साधन हैं। ऐसे आयोजन थारू समाज की संस्कृति और खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाते हैं। बालक वर्ग की 5 किमी दौड़ में बलरामपुर के शुभम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रावस्ती के विनोद द्वितीय रहे, जबकि गोंडा के भीम शंकर ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की 2.5 किमी दौड़ में गोंडा की हेमा सबसे तेज रहीं और विजेता बनीं। बलरामपुर की करिश्मा ने दूसरा और श्रावस्ती की रीतू ने तीसरा स्थान पाया। कार्यक्रम में थारू मंगल प्रसाद राणा (सचिव), अजय प्रताप थारू (संगठन सचिव), बलराम थारू (महामंत्री), कौशलेंद्र प्रताप चौधरी (कोषाध्यक्ष), अशोक कुमार चौधरी (संरक्षक) सहित जिला पंचायत सदस्य हेमेंद्र थारू, पूर्व कमिश्नर चांदराम चौधरी, ग्राम प्रधान नीलम और अक्षय आदि मौजूद रहे। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। - संवाद
-
कबड्डी में दिखी जोरदार टक्कर
कबड्डी मुकाबले दर्शकों के लिए सबसे बड़ा रोमांचक आकर्षण रहे। बालक वर्ग में बलरामपुर जिले के नेहरू स्टेडियम की टीम विजेता बनी, जबकि गोंडा की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में गोंडा की बेटियों ने दमदार खेल दिखाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं श्रावस्ती की टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल बालिका वर्ग का मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा। इसमें सिद्धार्थनगर जिले की बढ़नी टीम विजेता बनी, जबकि गोंडा की टीम उपविजेता रही।