बलरामपुर। साहब! भूमि विवाद को लेकर विपक्षी ने फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। मैं बहुत गरीब हूं। फुटपाथ पर छोटी सी दुकान चलाकर गुजर बसर कर रहा हूं। विपक्षी मेरी जमीन हड़पना चाहते हैं। हमें न्याय दिलाइए। यह गुहार शनिवार को ललिया थाने में आयोजित समाधान दिवस में ग्राम शिवपुरा निवासी राम कृष्ण ने अधिकारियों के सामने लगाई। थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे सीओ राधारमण सिंह ने जांच का आदेश दिया है।
शनिवार को जिले की पांच कोतवाली व 14 थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। देहात कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में 20 मामले आए। प्रभारी निरीक्षक जयदीप दुबे ने बताया कि सभी मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे, इसलिए किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है। नगर कोतवाली में समाधान दिवस की अध्यक्षता सीओ सिटी दरवेश कुमार ने की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा में करें। इसी तरह तुलसीपुर, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग, सादुल्लाहनगर, रेहरा बाजार, महराजगंज तराई, श्रीदत्तगंज, गौरा चौराहा व हरैया सतघरवा आदि थानों में भी समाधान दिवस का आयोजन किया गया।