बलरामपुर। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए वेंडिंग जोन बनाया गया है लेकिन ठेले वालों की मनमानी से योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। वीर विनय चौराहा जिला मुख्यालय का मुख्य स्थल है। यहां पर वेंडिंग जोन बनाया गया है लेकिन ठेले व खोमचे वाले वेंडिंग जोन में दुकान न लगाकर सड़क पर सजाते हैं। इससे अक्सर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात व्यवस्था कई बार प्रभावित हो जाती है।
वीर विनय चौराहा से चंद कदम की दूरी पर एमपीपी इंटर कॉलेज व झारखंडी सरोवर के सामने वेंडिंग जोन बनाया गया है। यहीं पर सभी फल विक्रेताओं को ठेला लगाने का निर्देश है। बावजूद इसके ठेले व खोमचे वाले वेंडिंग जोन में ठेला न लगाकर सड़क पर ही दुकानें सजा लेते हैं। वीर विनय चौराहा से चौक रोड वा तुलसीपुर रोड पर प्रधान डाक घर, मेजर चौराहा व आंबेडकर तिराहे के पास मनमाने तरीके से ठेले लगाए जाते हैं।
ये क्षेत्र ज्यादा प्रभावित
नगर पालिका क्षेत्र के वीर विनय चौराहा, आंबेडकर तिराहा, रोडवेज के पास, पहलवारा व भगवतीगंज में फुटपाथ पर ठेले वालों का कब्जा है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियां होती हैं। सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जा होने से हर घंटे जाम की समस्या बनी रहती है। कभी-कभार पुलिस अभियान चलाकर ठेले वालों को सड़क पर दुकान लगाने से मना करती है लेकिन सख्त कार्रवाई न होने के कारण उनकी मनमानी नहीं रुकती। किसी मंत्री व अधिकारी के आने पर ही अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई जाती है।
अभियान चलाकर होगी कार्रवाई सभी ठेले वालों को वेंडिंग जोन में ही लगाने का निर्देश दिया गया है। नो वेडिंग जोन में ठेला लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
- राजमणि, ईओ नगर पालिका परिषद बलरामपुर