बलरामपुर के तुलसीपुर में स्थित रेलवे क्रासिंग। संवाद
बलरामपुर। मां पाटेश्वरी धाम में देवीपाटन कॉरिडोर से विकास की नई उम्मीद जगी है। इसके साथ ही तुलसीपुर नगर में रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण की तैयारी सेतु निगम पूरी करने में जुटा है। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। सेतु निगम के अधिकारियों ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू किया जाएगा।
देवीपाटन धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार नए कार्य हो रहे हैं। इसी कड़ी में बीते दिनों मुख्यमंत्री ने ओवरब्रिज की सौगात दी थी। अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ओवरब्रिज को दूसरे तरीके से बनाया जाना है, जिसमें क्राॅसिंग को पार करने के साथ ही भवनियापुर मार्ग की तरफ भी ओवरब्रिज उतारा जाना है, ताकि बाईपास सड़क से आवागमन भी ओवरब्रिज से हो सके। सेतु निगम के अधिकारी बताते हैं कि भविनयापुर की तरफ भी ओवरब्रिज उतारने से तहसील का गेट आ रहा है, इसके लिए एसडीएम से वार्ता हो गई है। ओवरब्रिज निर्माण पर करीब 90 करोड़ का खर्च आएगा। इसकी स्वीकृति मिल गई है, टेंडर कराया जा रहा है। सेतु निगम की एक टीम ने बीते दिनों स्थल का निरीक्षण भी किया है। माना जा रहा है कि जुलाई से कार्य शुरू हो जाएगा।