बलरामपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए मुकदमों की पैरवी के लिए मुफ्त अधिवक्ता उपलब्ध कराने की बात कही।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ज्ञानेंद्र सिंह ने जिला कारागार में सबसे पहले अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वहां भर्ती मरीजों का हालचाल पूछते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने का निर्देश प्रभारी जेल अधीक्षक को दिया। फार्मेसी में रखी दवाओं की जानकारी भी ली।
महिला बैरक में बंदियों से बातचीत की। महिला बंदियों को अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि मुकदमे की पैरवी के लिए प्राधिकरण की तरफ से अधिवक्ता मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने बंदियों को जेल मैनुअल के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश जेल अधीक्षक को दिया।
साथ ही कारागार की साफ-सफाई, बंदियों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा सभी बैरक में नियमित फागिंग कराने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान पैनल अधिवक्ता मुकेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।