तुलसीपुर। तहसील परिसर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 36 लाख रुपये की लागत से तीन प्रमुख निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनके पूरा होने पर परिसर में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को आवागमन, स्वच्छता और पेयजल की बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
परिसर में आपूर्ति कार्यालय से जनरेटर कक्ष तक सीसी मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं तहसील कालोनी से उपजिलाधिकारी आवास होते हुए पिछले गेट तक शौचालय और नाली निर्माण का कार्य होगा, जो साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करेगा। इसके अलावा पिछले गेट के पास लगे हैंडपंप को दुरुस्त कर उसे चालू किया जाएगा, जिससे पेयजल की उपलब्धता आसान होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने कहा कि तहसील परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, ऐसे में बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है।