उतरौला। गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र में डुमरियागंज मार्ग पर चिरकुटिया पेट्रोल पंप के पास शनिवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक किशोर और एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशोर के साथ बाइक पर जा रहे उसका साथी घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है। उधर, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। दोनों बाइकों पर सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।
नगवा गांव निवासी मंगरे लाल ने बताया कि उनका बेटा रौनक (16) और प्रवीण कुमार का बेटा अंकित (16) बाइक से हासिमपारा स्थित एक निजी विद्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रौनक इसी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। दोनों डुमरियागंज मार्ग पर चिरकुटिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरन सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
दूसरी बाइक पर तैय्यबपुर परसौना निवासी हाजी जाबिर अली (65) सवार थे। वह गैस सिलिंडर लेने के लिए महुआ बाजार की तरफ जा रहे थे। आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि रौनक और हाजी जाबिर अली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अंकित घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों गांवों से परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। रौनक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने निकले किशोर की हादसे में मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। वहीं हाजी जाबिर अली की मौत की खबर से तैय्यबपुर परसौना में भी मातम छा गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बाइकों को भी कब्जे में लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
फोटो-10-रौनक।-फाइल फोटो