बलरामपुर के लालाडीह गांव में रोते बिलखते मृतक के परिजन।
गैड़ास बुजुर्ग। रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम हुसैनाबाद ग्रिंट के मजरे लालाडीह में मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे एक घर में सलीमुन्निशा (17) बेहोश मिली। अस्पताल ले जाते समय किशोरी की मौत हो गई। किशोरी के शरीर पर जलने व चोट के निशान मिले हैं। किशोरी की मां ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ग्राम लालाडीह निवासी शरीफुन्निशा ने बताया कि उनके पति अन्नू उर्फ रफीक रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी में रहते हैं। वह घर पर बच्चों के साथ रहती हैं। मंगलवार शाम करीब चार बजे बेटी सलीमुन्निशा को गांव की एक महिला बुलाने आई। बताया कि चलो फोन से बात करा दो। बेटी महिला के साथ उसके घर चली गई।
शरीफुन्निशा ने कहा कि वे खेत पर काम करने के लिए चली गईं। छोटी बेटी नसरीन (12) घर पर थी। शाम करीब 4.30 बजे सलीमुन्निशा के बेहोशी की जानकारी नसरीन को हुई। वह महिला के घर पहुंची तो अपनी बड़ी बहन को बेहोश पाया। बेटी को बेहोशी की हालत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला जा रही थी। रास्ते में बेटी की मौत हो गई। सीएचसी में चिकित्सक ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। बताया कि बेटी के शरीर पर कई जगह जलने व चोट के निशान थे। सिर से खून बह रहा था।
घटना के बारे में जानकारी मिलने पर एएसपी विशाल पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सीओ उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह को जांच करके कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिए।