हरैया सतघरवा। क्षेत्र के लंबीकोहल गांव में शनिवार को आम तोड़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।
गांव निवासी मोहम्मद मुर्तजा की पुत्री हुनायदा बेगम (13) घर के सामने लगे आम के पेड़ पर फल तोड़ रही थी। इसी दौरान पेड़ के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन और आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटी की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार यादव ने बताया कि पेड़ से सटी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोरी की जान गई है। उधर, बिजली विभाग के अवर अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया विभाग की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है।