फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर में घुसकर मासूम को जिंदा जला दिया, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। टीन की छत पर पत्थर गिरने से नाराज पड़ोसी ने 13 वर्षीय किशोरी को घर में घुसकर जिंदा जला दिया। जिससे किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
विज्ञापन

घटना शुक्रवार शाम कोतवाली देहात के ग्राम सोनौड़ी में हुई। स्थानीय निवासी विश्राम चौरसिया की पुत्री वंदना (13) घर पर भाई-बहनों के साथ खेल रही थी। पिता मजदूरी करने कटरा बाजार श्रावस्ती और मां फूला देवी खेतों में काम करने गई थी। खेल-खेल में एक पत्थर पड़ोसी रामू बढ़ई के टीन की छत पर गिर गया।
पत्थर गिरते ही घर पर मौजूद रामू बढ़ई आग बबूला हो गया और वह विश्राम के घर पहुंच कर वंदना को पीटने लगा। वंदना जान बचाकर कमरे में भाग गई। रामू कमरे के अंदर घुस गया और वहीं पर रखा केरोसिन वंदना के ऊपर डालकर आग लगा दी। जिससे वंदना कमरे में ही जिंदा जलकर मर गई।
विज्ञापन

आरोपी ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गया। मृतका के मासूम भाई-बहन इस वीभत्स घटना को देखकर सहम गए और डरकर छिप गये। खेतों से फूला देवी जब घर पहुंचीं तो बच्चों ने उन्हें मामले की जानकारी दी। मां ने कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि बेटी कमरे में मरी पड़ी हुई है। फूला देवी ने मामले की सूचना मजदूरी करने गए पति विश्राम को दी।
घर पहुंचे विश्राम ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी आरआर सिंह तथा देहात कोतवाल वीके सिंह ने मृतका के मासूम भाई-बहनों से पूछताछ की तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी रामू बढ़ई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
आवेश में हुई घटना
-घर की छत पर पत्थर गिरने से नाराज रामू बढ़ई ने आवेश में आकर वंदना को जलाकर मार डाला। घटना के पीछे अभी अन्य किसी कारण का पता नहीं चला है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच कराई जा रही है।
-देवरंजन वर्मा, एसपी बलरामपुर
छोटी सी गलती की इतनी क्रूर सजा
मासूमों के सामने ही घर में घुसकर आरोपी ने मृतका को जिंदा जलाया, रो-रोकर सुनाई बहन के हत्या की दास्तान...
बलरामपुर। एक तरफ जहां देश में बेटियों को बचाने की पुरजोर कोशिश हो रही हैं वहीं शुक्रवार को देहात थाना क्षेत्र के सानौड़ी गांव में 13 वर्षीय किशोरी को छत पर पत्थर फेंकने के चलते पड़ोसी ने घर में घुसकर जिंदा जला दिया। पुलिस भी मौके पर दो घंटे बाद पहुंची। मृतका के छोटे-छोटे मासूम भाई-बहन मृतका के साथ हुई घटना को रो-रोकर बयान कर रहे हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पिता बेटी के पोस्टमार्टम तथा उसके अंतिम संस्कार में जुटा है।
सोनौड़ी गांव में विश्राम चौरसिया की बेटी वंदना (13) को पड़ोसी रामू बढ़ई ने घर में घुसकर सिर्फ इसलिए जलाकर मार डाला कि भाई-बहनों के साथ खेलते समय एक पत्थर रामू के घर की टीन की छत पर गिर गया था। रामू आक्रोश में जब घटना को अंजाम दे रहा था तो मृतका की मासूम बहन खुशबू (5) तथा भाई मुकुल (11) डरे-सहमे से घटना को अपनी आंखों से देख रहे थे।
शनिवार को दोनों पूछने पर बहन के साथ हुई घटनाक्रम की पूरी जानकारी दी। इस घटना का इन मासूमों के मन-मस्तिष्क पर क्या असर पड़ा होगा यह कयास लगा पाना मुश्किल है। बेटी की याद में बिलख रही मां फूला देवी के आसपास यह दोनों बच्चे डरे-सहमे नजर आ रहे थे।
रामू ने इतनी छोटी सी बात के लिए वंदना को इतनी क्रूर सजा दे डाली यह चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना को लेकर गांव वाले चुप्पी साधे हैं। कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। इतनी बड़ी घटना ने सबको दहला दिया है। दोनों परिवारों के बीच किसी भी तरह का कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं है।
मृतका की मां का कहना है कि यदि बच्चों ने गलती की थी तो पहले रामू को शिकायत करनी चाहिए थी। इतनी छोटी सी बात के लिए रामू ने बेटी को मार डाला। पहले से ही गरीबी की मार झेल रहा मृतका का परिवार बेटी के साथ हुई इस वीभत्स घटना से बिखर गया है।
असमंजस में थी पुलिस
सोनौड़ी गांव में हुई घटना में पुलिस भी चकरघिन्नी नजर आई। शनिवार सुबह पुलिस ने एक बार घटना को संदिग्ध मान लिया था। परिजनों से घटना को लेकर बार-बार पूछताछ की जा रही थी। दोपहर बाद पुलिस फिर पुराने ट्रैक पर आ गई और रामू को आनन-फानन में गिरफ्तार कर लिया। एसपी देवरंजन वर्मा का कहना है कि रामू ने ही आवेश में आकर घटना अंजाम दी। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें