बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के खेल मैदान में चल रहे महाराजा सर बीपी सिंह अखिल भारतीय प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मैच जीतकर एसएसबी लखनऊ ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मेघबरन सिंह पीजी कालेज गाजीपुर के पुनीत राजभर मैन ऑफ द टूर्नामेंट और एसएसबी लखनऊ के गोलकीपर सैय्यद सिकंदर अली को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार मिला। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए एसएसबी लखनऊ के कोन्जेंगबाम नाओचा को मैन आफ द मैच चुना गया।
शनिवार को टूर्नामेंट के समापन समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिद्घार्थ विश्वविद्यालय सिद्घार्थनगर के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दूबे, विशिष्ट अतिथि प्रो. प्रत्यूष दूबे व डॉ. पूर्णेश नरायन सिंह ने किया। रोवर्स-रेंजर्स ने मुख्य अतिथि को तिलक लगाकार स्वागत किया। प्रभारी अधिकारी डॉ. डीके चौहान के नेतृत्व में एनसीसी के कैडेटों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य व टूर्नामेंट सचिव डॉ. एनके सिंह, आयोजन सचिव डॉ. मोहिउद्दीन अंसारी, डॉ. आरके पांडेय, डॉ. आलोक शुक्ला, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. दिव्यदर्शन तिवारी व डॉ. एके द्विवेदी आदि ने अतिथियों का माल्यार्पण व बैज लगाकर स्वागत किया।
महाविद्यालय की छात्रा गीतिका पांडेय, मांडवी, नेहा गुप्ता, जान्हवी द्विवेदी, निधि गौतम व आकृति श्रीवास्तव आदि ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ गीत व नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मंत्रमुग्ध कर दिया। टूर्नामेंट का फाइनल मैच एसएसबी लखनऊ एवं मेघबरन सिंह पीजी कॉलेज गाजीपुर के बीच खेला गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। कांटे के मुकाबले में एसएसबी लखनऊ की टीम ने मैच के 22वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से गोल कर खाता खोला। निर्धारित समय के अंदर मेघबरन सिंह कालेज की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। 1-0 से मैच जीतकर एसएसबी लखनऊ की टीम टूर्नामेंट की विजेता बनी।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए एसएसबी लखनऊ के कोन्जेंगबाम नाओचा को कांग्रेस नेता दीपांकर सिंह द्वारा 2100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 61 हजार रुपये व उपविजेता टीम को 41 हजार रुपये का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मेघबरन सिंह कॉलेज के पुनीत राजभर को महाराजा धर्मेन्द्र प्रसाद सिंह की स्मृति में मैन आफ द टूर्नामेंट के रूप में 10 हजार रुपये नकद व ट्राफी प्रदान किया गया।
एसएसबी लखनऊ के गोलकीपर सिकन्दर अली को बेस्ट डिफेंडर के रूप में भाजपा नेता साकेत मिश्रा की तरफ से 5100 रुपये नकद व यूपी प्रेस क्लब की तरफ से ट्रॉफी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की तरफ से जिले के वरिष्ठ हाकी खिलाड़ी वसी अहमद खां व युवा खिलाड़ी समीर अहमद को ट्रॉफी व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजहरुद्दीन, डॉ. जर्नादन प्रसाद पांडेय, डॉ. केके सिंह, डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. विमल प्रकाश वर्मा व अभिषेक सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।