बलरामपुर। प्रेरणा एप से ही शिक्षकों को छुट्टी के साथ अन्य लाभ दिए जाएंगे। बीएसए हरिहर प्रसाद ने सोमवार को जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ को प्रेरणा एप से ही कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
जिले के सभी बीईओ भेजे गए पत्र में बीएसए ने कहा है कि 11 सितंबर 2019 को बेसिक शिक्षा मंत्री की तरफ से निर्देश दिया गया है कि शिक्षकों के अवकाश प्रकरण का निस्तारण तत्काल केवल ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से कराया जाए।
ऑफलाइन/मैनुअल व्यवस्था को तत्काल बंद कर दिया जाए। शिक्षकों के सभी प्रकार के अवकाश जैसे आकस्मिक, चिकित्सा, मातृत्व, बाल देखभाल, अवैतनिक आदि की स्वीकृति ऑनलाइन व्यवस्था के अंतर्गत प्रेरणा एप के माध्यम से ही कार्रवाई की जाए।
किसी अध्यापक के अवकाश के संबंध में ऑफलाइन अथवा मैनुअल माध्यम से कार्रवाई कदापि न करें। निर्देश का अनुपालन न करने वालों के खिलाफ बीएसए ने कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।