बलरामपुर के बीएसए कार्यालय स्थित सभागार में टीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के ट्राफी का अनावरण करते
बलरामपुर। जिले में शिक्षकों के लिए खेल का सबसे बड़ा उत्सव टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल)-2 की तैयारी पूरी हो गई है। पांच सितंबर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता शुरू होगी। बुधवार को एआरसी भवन में विजेता ट्रॉफी तय कर तैयारियां शुरू कर दी गईं।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला और वित्त एवं लेखाधिकारी विवेक पांडेय ने ट्रॉफी का अनावरण किया। बीएसए ने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख मिलती है। उन्होंने शिक्षकों से स्वस्थ माहौल में खेल का आनंद लेने और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जिले से भारतीय फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके आकाश मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए जीत के लिए समर्पण और कड़ी मेहनत की सलाह दी। कहा कि टीपीएल जैसे आयोजन शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक, सियाराम वर्मा और विनय कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे। सभी ने शिक्षकों के इस महोत्सव में भाग लेकर खेल भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। टीपीएल कमेटी के अध्यक्ष संतोष उपाध्याय ने बताया कि प्रतियोगिता 5 से 7 सितंबर तक चलेगी, जिसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इस मौके पर संरक्षक विकास कांत, दिलीप चौहान, अजय प्रताप सिंह, मंगल देव मिश्र, महमूदुल हक, नवीन कुमार सिंह, उमेश चंद्र, सौभाग्य पाठक सहित सभी टीमों के कोच, कप्तान और खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने लीग को सफल और यादगार बनाने का संकल्प लिया।