फोटो-20-बलरामपुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र रेहरा बाजार में शिक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण ।-स
सादुल्लाहनगर। ब्लॉक संसाधन केंद्र रेहरा बाजार में आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) प्रशिक्षण के तीसरे बैच का मंगलवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों की भाषा, पढ़ने-लिखने और गणितीय समझ विकसित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. स्वामीनाथ ने कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में मजबूत शैक्षिक नींव बच्चों के बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी तकनीकों और नवाचारों को कक्षा शिक्षण में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षक पवन कुमार विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार दूबे, दिनेश कुमार त्रिपाठी और लोकेश पति त्रिपाठी ने विभिन्न सत्रों में एफएलएन के उद्देश्यों, गतिविधि आधारित शिक्षण, शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी। शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और उनकी गणितीय दक्षता बढ़ाने के लिए सरल एवं रोचक गतिविधियों के प्रयोग के बारे में भी बताया गया।
प्रशिक्षण में रंजन ज्ञान, कामता प्रसाद, देवेंद्र सिंह, रामचंद्र यादव, अबूबकर खान, नेहा त्रिपाठी, निर्पेंद्र सिंह, नाहिद, रुतिमा शर्मा, लाल बहादुर, लवी सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।