बलरामपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को चाय की पत्ती रंगकर बेचने वाले दुकानदार को पकड़ा। इस दौरान अधिकारियों ने नमूना भरकर 13 किलो चाय की पत्ती सीज कर दी। इसके अतिरिक्त टीम ने तीन अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालमणि यादव व सत्यवीर सिंह के साथ खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अभियान चलाया। सदर तहसील गेट पर चाय की पत्ती रंग कर बेचने वाले मोहम्मद मोहसिम खान को पकड़ा गया है।
वह गोल्ड लाइन सुपर टी ब्रांड की चाय बेच रहा था। चाय का नमूना भरने के साथ मोहसिन की दुकान से 13 किलो चायपत्ती सीज की गई। वहीं नमकीन निर्माण इकाई विशुनापुर से अमित ब्रांड की नमकीन का नमूना लिया गया। 60 किलो नमकीन सीज की गई है। मोहम्मद राशिद से चिक्की का और संघई एजेंसी गोंडा की तरफ से बलरामपुर में बिक्री किए जा रहे मोटी पतलू टेस्टी एंड क्रंची का नमूना संकलित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।