बलरामपुर। नगर के सेंट जेवियर्स स्कूल में चल रहे सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शुक्रवार को खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में दमखम दिखाया। मुकाबले के दौरान अंडर-41 किलोग्राम बालिका वर्ग में गलत निर्णय को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। स्कूल प्रबंधन एवं ताइक्वांडो के अधिकारियों ने विवाद शांत कराया।
सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-14 बालक वर्ग 37 किलोग्राम भार वर्ग में शतायु लोधी ने गोल्ड, ध्रुव कार्की ने सिल्वर एवं नवीन मेघवाल व अविनाश बेडिया ने ब्रांज मेडल जीता। अंडर-14 बालक वर्ग 61 किलोग्राम से कम भार वर्ग में आकाश सिंह चौहान को स्वर्ण, नीरज चौधरी को रजत एवं गोविंद कुमार व ईशान को कांस्य पदक मिला।
अंडर-14 बालिका वर्ग 29 किलोग्राम से कम भार वर्ग में गौरांशी वशिष्ठ ने स्वर्ण, तुलिप ओझा ने रजत एवं ज्योति व स्नेहा साहू ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 बालिका वर्ग 33 किलोग्राम से कम भार वर्ग में स्पंदना ने स्वर्ण, आरिशा सिंह चौधरी रजत एवं यशश्वनी शर्मा व कृष्णा साखा ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग 55 किलोग्राम से कम भार वर्ग में प्रिशा शिवांकर ने गोल्ड, सोनम ने सिल्वर एवं निकिता कंवर व शैला ने ब्रांज मेडल हासिल किया।
अंडर-17 बालक वर्ग 45 किलोग्राम से कम भार वर्ग में मनीष कुमार ने स्वर्ण, मुकुल ने रजत एवं हर्षित व कुश सूद ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 बालक वर्ग 48 किलोग्राम से कम भार वर्ग में अश्वमेघ सिंह ने गोल्ड, गुलशन यादव ने सिल्वर तथा आशीष व आयुष यादव ने ब्रांज मेडल हासिल किया।
अंडर-17 बालक वर्ग 63 किलोग्राम से कम भार वर्ग में दिनेश ने स्वर्ण, हर्षित छाबरा ने रजत तथा नदीम अली व नरेंद्र कुुमार ने कांस्य पदक जीता। इसी तरह अंडर-17 बालिका वर्ग 42 किलोग्राम से कम भार वर्ग में वाणी जाटव ने स्वर्ण, मनु कुडियन ने रजत तथा अंतरा भंडारी व दीपाशा यदुवंशी ने कांस्य पदक हासिल किया।
गलत निर्णय के खिलाफ विवाद, आबजर्वर को दिया प्रार्थना पत्र
सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार खेले जा रहे एक मुकाबले में निर्णय को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। प्रतिभागी सिया मिश्रा के कोच पारस मिश्रा ने टेक्निकल डेलीगेट सीबीएसई के आबजर्वर को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में सामान्य से भी निचले स्तर का निर्णय लिया जा रहा है। प्रतिभागी सिया मिश्रा ने चेहरे पर मारे गए किक पर आपत्ति जताई।
इसके बावजूद विपक्षी प्रतिभागी को स्कोर देकर विजयी घोषित कर दिया गया। गलत निर्णय के खिलाफ चल रहे विवाद में आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य भी सम्मलित होकर महिला मैनेजर के साथ धक्का-मुक्की की। प्रधानाचार्य के इस व्यवहार पर सख्त आपत्ति दर्ज कराते हुए कोच ने अंतिम पांच सेकेंड में जोड़े गए स्कोर पर पुन: विचार करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि विपक्षी प्रतिभागी आयोजक विद्यालय की संस्थागत छात्रा ही नहीं है। विपक्षी प्रतिभागी के दस्तावेजों की जांच किए जाने तथा विद्यालय का यूनिक आईडी नंबर भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इस मुकाबले में तकनीकी गलती होने पर पुन: मैच कराए जाने की मांग कोच ने आबजर्वर से की है।
बलरामपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल में फाइट करते ताइक्वांडो खिलाड़ी।- फोटो : BALRAMPUR