फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: 55 लाख निवेश कराने का झांसा देकर हड़पे, 11 बीघा जमीन का बैनामा भी कराया

Sun, 04 Oct 2026 12:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। बीमार पति के इलाज और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए जमीन बेचने के बाद एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदारी में साझेदारी कर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर महिला से करीब 55 लाख रुपये ले लिए गए। इसके बाद करीब 11 बीघा जमीन का भी बैनामा करा लिया गया। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन

मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के सिरसिया खुर्द गांव का है। गांव निवासी ज्योति पांडेय ने शिकायत में बताया कि उनके पति राहुल पांडेय लीवर की बीमारी से पीड़ित हैं। दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है। पति के इलाज और परिवार की जरूरतों के लिए उन्होंने करीब सात बीघा जमीन 63 लाख रुपये में बेची थी।
आरोप है कि जमीन बेचने की जानकारी होने पर जितेंद्र मिश्रा समेत अन्य आरोपियों ने उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने ठेकेदारी में साझेदारी कर मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इस पर महिला ने अलग-अलग तारीखों में करीब 55 लाख रुपये निवेश के लिए दे दिए। वर्ष 2021 में अलग-अलग जमीनों को लेकर साझेदारी और बिक्री अनुबंध कराने का भी आरोप है।
विज्ञापन

पीड़िता के मुताबिक, चार फरवरी 2025 को साझेदारी समाप्त करने की बात कहकर उन्हें उपनिबंधक कार्यालय ले जाया गया। आरोप है कि वहां उनकी करीब 11 बीघा जमीन का बैनामा करा लिया गया। जमीन की सरकारी मालियत 77.11 लाख रुपये थी, जबकि दस्तावेज में 11.44 लाख रुपये का भुगतान दर्शाया गया। महिला ने दस्तावेज कूटरचित तरीके से तैयार कराने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पहले अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने जितेंद्र मिश्रा, लक्ष्मीकांत मिश्रा, विजय मिश्रा, आनंद मिश्रा, दिलीप कुमार और वेद प्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें