तुलसीपुर (बलरामपुर)। तुलसीपुर चीनी मिल से गन्ना तौलवाकर वापस जा रही बैलगाड़ी को तेज रफ्तार एसयूवी ने ठोकर मार दी। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि एक बैल कुछ दूर जाकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा बैल भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। तीनाें घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एसयूवी चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के कटनी हड़पुर जनकपुर निवासी मनीराम ने बताया कि वह तुलसीपुर शुगर मिल में गन्ना तौलाने गया था। वहां से लौटते वक्त तुलसीपुर से बलरामपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी ने नथुनिया मोड़ के पास बैलगाड़ी में ठोकर मार दी।
दुर्घटना में मनीराम, आरिफ व किफायतुल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसयूवी की ठोकर से बैलगाड़ी का एक बैल कुछ दूरी पर जाकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा बैल भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। दुर्घटना के बाद चालक एसयूवी छोड़कर मौके से भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसयूवी को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक इकरार अहमद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।