बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को तेज कर दिया है। जिले में 2425 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। अभियान में अब तक लगभग एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं का सर्वे पूरा हो चुका है।
इस दौरान मृतकों के नाम और दोहरे नामों को सूची से हटाया जाएगा। सिस्टम में मिले 2.19 लाख डुप्लीकेट वोटरों का भी सत्यापन कराया जा रहा है, जो 29 सितंबर तक पूर्ण किया जाएगा। चुनाव आयोग ने ग्राम पंचायतवार डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई है। इसे संबंधित तहसीलों के एसडीएम को भेजा गया है। अब एसडीएम की निगरानी में घर-घर जाकर जांच की जा रही है।
जांच के दौरान डुप्लीकेट नामों का मिलान किया जा रहा है। पिता के नाम और गांव के नाम से तय किया जा रहा है कि दूसरा नाम सही है या नहीं। इसकी रिपोर्ट के आधार पर नाम हटाया जाएगा। विदित हो कि जिले की 793 ग्राम पंचायतों में कुल 16,62,735 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 2,19,121 मतदाता सिस्टम में डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित हुए हैं। इनकी जांच के लिए 896 मतदान बूथ बनाए गए हैं। एसडीएम सदर हेमंत कुमार गुप्ता ने बताया कि समय सीमा के अंदर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।