पिपरहवा चौराहा। सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने व रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल हुई है। सशस्त्र सीमा बल की 9वीं वाहिनी ने सोमवार को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 16 दिवसीय मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण नंदमहरी स्थित आदि शक्ति मां पाटेश्वरी विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया है। इसमें चयनित 15 युवाओं को व्यावहारिक व सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एसएसबी केवल भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती गांवों के युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। कंपनी कमांडेंट मनोरंजन कुमार पांडेय ने बताया कि प्रेरणा फाउंडेशन के सहयोग से यह प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को वाहन चलाने की तकनीक, ट्रैफिक नियम, वाहन रख-रखाव और सुरक्षित ड्राइविंग की बारीकियों की जानकारी दी जाएगी। (संवाद)