बलरामपुर। खलीलाबाद से उतरौला होते हुए बहराइच तक रेल लाइन बिछाने में कार्य में अब तेजी आने वाली है। नई रेल लाइन बिछाने के लिए सर्वे पूरा हो चुका है। अब भूमि अधिग्रहण की तैयारी की जा रही है। रेलवे ने बोर्ड लगा दिया है। चिह्नित जमीन पर अब काई भी निर्माण अब अनाधिकृत माना जाएगा। नई रेल लाइन बिछाने के बाद पांच जनपदों के एक करोड़ से अधिक लोगों को दिल्ली, मुंबई व कोलकाता जैसे शहरों में ट्रेनों से सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा।
नई रेल लाइन के लिए बलरामपुर जनपद के 53 गांवों में किसानों के भूमि अधिग्रहण करने की तैयारी है। नई रेल लाइन में किसानों से करीब 257.92 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की जानी है। बहराइच-श्रावस्ती-बलरामपुर तक 240.264 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी। रेल लाइन के प्रोजेक्ट में नामित रेलवे के सहायक अधिशासी अभियंता विजय कुमार की टीम प्रशासन के साथ भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी कराएगी।
वर्ष 2018-19 में केंद्र सरकार ने बहराइच से खलीलाबाद तक नई रेल लाइन बिछाने की मंजूरी दी थी, लेकिन कोरोना महामारी के चलते उस समय कार्य शुरू नहीं हो सका था। वर्ष 2023-24 में बहराइच-श्रावस्ती-बलरामपुर (तुलसीपुर) तक नई रेल लाइन बिछाने के लिए 620 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। किसानों से भूमि खरीदने के लिए रेल मंत्रालय ने 10 करोड़ रुपये आवंटित किए। इससे बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर जनपदों के एक करोड़ से अधिक आबादी रेल यातायात का लाभ मिलेगा। रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर रवींद्र मेहरा व सेक्शन इंजीनियर संजीत की टीम भूमि अधिग्रहण की तैयारी में जुटी है। (संवाद)
32 नए स्टेशनों पर रोजगार की बढ़ेगी सौगात
बलरामपुर के उतरौला तहसील से होकर बहराइच-खलीलाबाद तक 32 स्टेशन बनेंगे। नए स्टेशनों के बनने से गांवों में भी रोजगार की सौगात बढ़ेगी। बलरामपुर में छह नए स्टेशनों का निर्माण कराया जाएगा। जिले के 53 गांवों में रेल पटरी बिछाई जाएगी।
भगवतीगंज रेलवे स्टेशन होगा जंक्शन
भगवतीगंज स्थित बलरामपुर रेलवे स्टेशन जंक्शन होगा। झारखंडी रेलवे स्टेशन को गोंडा-गोरखपुर व बहराइच-खलीलाबाद रेल लाइन से जोड़ने की तैयारी है। बलरामपुर में ग्राम हंसुवाडोल, खगईजोत, महेशभारी, श्रीदत्तगंज व उतरौला में कपौवाशेरपुर गांव हाल्ट स्टेशन बनेगा।
जमीन अधिग्रहण का मानक
-रेल पटरी बिछाने के लिए 40 फीट चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। स्टेशन बनने वाले स्थान पर 100 मीटर चौड़ाई में भूमि अधिग्रहीत की जाएगी।
-