बलरामपुर। जिले में बारिश व तेज धूप का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। लगातार बारिश के बाद धूप निकलने से वायरल बुखार वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सक लक्षण दिखने टायफाइड की जांच लिख रहे हैं। ऐसे में लैब में भी जांच कराने वालों की लंबी भीड़ जुट रही है।
जिला मेमोरियल अस्पताल में बृहस्पतिवार को मरीजों की भारी भीड़ दिखी। सुबह 10:35 बजे पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार दिखी। कमरा नंबर दो में एनसीडी चिकित्साधिकारी के कक्ष के बाहर मरीज जुटे हुए थे। कमरे के बाद खड़ी शकुंतला ने बताया कि उनकी बेटी को कई दिनों से बुखार है, चिकित्सक को दिखाने आई हूं। रमेश कुमार ने बताया कि उन्हें चार दिनों से बुखार है, दवा खाने पर आराम नहीं मिल रहा है। चिकित्सक ने टायफाइड जांच लिखी है। इसी तरह योगेश, सुमन व राधिका सहित तमाम मरीज खड़े हुए थे। एनसीडी चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के समय यदि रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है तो इसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ेगा। बृहस्पतिवार को 450 मरीजों की ओपीडी हुई।
-
खून जांच के बढ़े मरीज
लैब में इन दिनों से खून की जांच कराने के लिए 120-130 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से अधिकांश में टायफाइड जांच लिखा रहता है। बृहस्पतिवार को भी लैब में काफी भीड़ दिखी। लैब टेक्निशियन चौधरी ने बताया कि इन दिनों खून की जांच कराने वाले मरीज बढ़े हैं।