बलरामपुर। बीएसए कार्यालय स्थित सभागार में बृहस्पतिवार को नवाचार प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें 50 से अधिक प्रतिभागियों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए। सुनील कुमार के औषधीय पौधों की खेती को प्रथम पुरस्कार मिला। क्राफ्टिंग से बने लड्डू गोपाल को दूसरा और चित्रकार संदीश कुमार चौधरी के चित्रों को तीसरा पुरस्कार दिया गया।
प्रदर्शनी में आईटीआई उतरौला, राजकीय पॉलिटेक्निक, इनरव्हील क्लब और पतंजलि दिव्य सहित कई संस्थाओं ने मॉडल प्रस्तुत किए। डीएम विपिन कुमार जैन, सीडीओ हिमांशु गुप्त, प्रशिक्षु आईएएस शिवांश जगाड़े, डीआईओएस मृदुला आनंद, बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव, बीईओ अशोक पाठक, राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा के प्रधानाचार्य आशीष कुमार मौर्य और डायट प्रवक्ता सपना वर्धन व आशीष कुमार वर्मा ने स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों से सवाल पूछे।
प्रथम पुरस्कार के रूप में आठ हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में पांच हजार और तृतीय पुरस्कार के रूप में तीन हजार रुपये दिए गए। पांच प्रतिभागियों को दो-दो हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी मिले। आईटीआई उतरौला के पेंटर जनरल और फीटर ट्रेड से जुड़े नवाचारों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को मेडल, नकद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक त्रिपुरारी पूजन ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और आमजन में नवाचार की भावना बढ़ाना है। कार्यक्रम का संचालन जिला सह-समन्वयक आशीष कुमार वर्मा ने किया।
आकर्षण के केंद्र रहे मॉडल
प्रदर्शनी में आईटीआई उतरौला के छात्र विजय चौहान का स्मार्ट सिटी मॉडल, किशन कुमार गुप्त का प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना पर आधारित मॉडल, गुंजन अग्रवाल की डिजाइनर मोमबत्तियां और अभय प्रताप सिंह का कृषि कीट प्रबंधन से संबंधित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रदर्शनी में पेंटिंग दिखाता चित्रकार।