बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शहर के वीर विनय चौराहे के पास स्थित एमपीपी इंटर कॉलेज में कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन किया। इसमें विशेषज्ञों ने कॅरिअर के चुनाव को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। कहा कि कॅरिअर के चुनाव में उचित मार्गदर्शन और सही दिशा का चुनाव जरूरी है, इसी तरह कामयाबी मिलेगी।
मेले का शुभारंभ सीडीओ हिमांशु गुप्ता व डीआईओएस मृदुला आनंद ने किया। स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना के साथ ही लघु नाटिका प्रस्तुत की। मेले में लगाए गए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के साथ ही अभ्यदुय, स्वास्थ्य व तकनीकी विषयों के स्टॉल पर जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप सिंह, अभ्युदय कोचिंग के समन्वयक सचिन कुमार सिंह, आईटीआई के आशीष सहित अन्य विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
सभी ने कॅरिअर से संबंधित सवालों के जवाब दिए और विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। समापन करते हुए एसपी विकास कुमार ने कहा कि युवाओं को कॅरिअर की राह में आ रही चुनौतियों का हल खोजने के लिए तीन सूत्र पर काम करना चाहिए। पहला समय प्रबंधन, दूसरा एकाग्रता और तीसरा मजबूत इरादा। कार्यक्रम में डॉ. चंदन पांडेय, अंजुम मेंहदी, निधि यादव सहित अन्य कॉलेजों के शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।
लक्ष्य की तलाश के लिए करें इंटरनेट का प्रयोग
सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में सभी के पास इंटरनेट की सुविधा है। ऐसे में इसका प्रयोग कर लक्ष्य की तलाश करें। गूगल से पूछें कि डॉक्टर, इंजीनियर व आईएएस बनने के लिए क्या करना चाहिए, वह आपको जानकारी उपलब्ध कराएगा। इससे आपकी काफी मुश्किलें आसान हो सकती है। इससे भी बड़ी बात है कि लक्ष्य को तय करके आगे बढ़ना चाहिए, यही सफलता का मूलमंत्र है। समय का प्रबंध करें, विषय के अनुरूप तैयारी करें।
कॅरिअर का चुनाव करते समय रखें ध्यान
कॅरिअर का चुनाव करते समय खुद की योग्यता, क्षमता और रुचि पर भरोसा रखते हुए विकल्प चुनें।
कॅरिअर का चुनाव करने से पहले किसी विशेषज्ञ की मदद लें। इससे तथ्यपूर्ण जानकारी मिलेगी, जहन में आने वाले तमाम प्रश्नों का हल मिलेगा।
कॅरिअर में व्यक्तित्व की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पढ़ाई के बाद एक स्तर पर आकर व्यक्तित्व में कुछ स्किल्स जैसे रचनात्मक सोच, त्वरित निर्णय, सकारात्मकता, कम्युनिकेशन स्किल, तीव्र बात समझने की कला आदि कुछ महत्वपूर्ण कौशल होने चाहिए।
सबसे महत्वपूर्ण बात है कि कॅरिअर का चुनाव करते समय निर्णय और रुचि को लेकर पूरी तरह एकाग्र रहें। खुद को मानसिक तौर पर तैयार करें। बार-बार कोर्स या फील्ड के चयन के लिए किए गए निर्णय को न बदलें। एक बार में सोच परख कर कॅरिअर का चुनाव करें।
मिली बेहतर जानकारी
11 वीं के छात्र अजय कुमार ने कहा कि यह एक बेहतर प्रयास है, इससे काफी सवालों के जवाब मिल गए। कॅरिअर को लेकर काफी उलझन थी, वह अपने आप ही समाप्त हो गई। कन्हैया साहू ने कहा कि मेले से समय का उचित प्रबंधन करने के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मानसी शुक्ला ने कहा कि मेले में मिली जानकारी युवाओं के लिए काफी अहम है। जब हम इंटर में पहुंचते हैं तो हमारा दिमाग हर ओर भटकता है, ऐसे में यह मेला हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। नंदनी शुक्ला ने कहा कि मेले से मिली जानकारी काफी फायदेमंद होगी।