बलरामपुर में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का संबोधन सुनते विद्यार्थी व शिक
बलरामपुर। जिले के करीब 150 सरकारी व निजी विद्यालयों में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री ने अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थियों से संवाद कर परीक्षा की तैयारी एवं मानसिक दबाव को कम करने के लिए सुझाव दिए। जिले के करीब 35 हजार विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का सुझाव और संदेश सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा को जीवन का अंतिम लक्ष्य न मानें। सुझाव दिया कि तुलना की प्रवृत्ति से बचें और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें। प्रधानमंत्री ने समय प्रबंधन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच पर विशेष जोर दिया। कहा कि नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद और स्वस्थ खानपान से मानसिक संतुलन बनाए रखा जा सकता है। मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह भी दी। कहा कि तकनीक का प्रयोग सीमित व उद्देश्यपूर्ण होना चाहिए।
अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का बोझ न डालें, बल्कि उन्हें समझें और प्रोत्साहित करें। शिक्षकों की भूमिका पर बोलते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि छात्रों के मार्गदर्शक बनें।