बलरामपुर। स्वामी विवेकानंद युवा तकनीक योजना के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई को और बेहतर बनाने के लिए जिले के 110 युवाओं को निशुल्क टैबलेट वितरित किए जाएंगे। ये टैबलेट विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक होंगे। जिले के सात महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को जल्द ही टैबलेट का वितरण किया जाएगा।
एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार कार्यालय में जिले के सात महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित कर डिजी शक्ति पोर्टल पर रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। रिपोर्ट न देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने अन्य महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों को डिजी शक्ति पोर्टल पर डिवाइस की मांग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक कुमार यादव ने सरकार की इस पहल की सराहना की। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग राजेश कुमार पांडेय और सहायक प्रबंधक उद्योग अखिलेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।