बलरामपुर। कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार की तरफ से महाविद्यालयों की परीक्षाएं भी अब न कराने का निर्णय लिया गया है। जिले के 19 महाविद्यालयों के 20 हजार विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के अगली कक्षाओं में प्रोन्नत कर दिया जाएगा। सरकार के निर्देश पर महाविद्यालयों में प्रोन्नत होने वाले छात्र-छात्राओं का डाटा तैयार किया जा रहा है। सरकार के निर्देश का जिले के 19 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
गौरतलब हो कि कोविड-19 के चलते पहले ही कक्षा एक से पांच, कक्षा छह से आठ, कक्षा 9 व 11 के छात्र छात्राओं को बिना परीक्षा दिए ही अगली कक्षाओं में पास कर दिया गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण का असर कम न होने से सरकार को महाविद्यालयों में भी परीक्षाएं न कराने का निर्णय लेना पड़ा। सरकार के इस निर्णय का असर जिले में संचालित 19 महाविद्यालयों पर पड़ा है।
एमएलके महाविद्यालय ने स्नातक व परास्नातक सहित 7200 परीक्षार्थियों को सरकार के इस निर्णय का लाभ मिला है। इन परीक्षार्थियों की संख्या में सेमेस्टर के परीक्षार्थियों को भी जोड़ा गया है। शक्ति स्मारक व विमला विक्रम महाविद्यालयों में भी एक-एक हजार छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा के अगली कक्षाओं में प्रोन्नत होने का मौका मिलेगा। इसी तरह से जिले में संचालित 17 निजी महाविद्यालयों में भी 500-600 की संख्या में छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा के अगली कक्षाओं में प्रोन्नत होने का लाभ मिलेगा।
एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह ने बताया कि सरकार ने महाविद्यालयों मे परीक्षाएं न कराने के लिए समिति के सुझाव को मान लिया है। शीघ्र ही जिले भर के महाविद्यालयों की तरफ से छात्र- छात्राओं की संख्या विश्वविद्यालय के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराया जाएगा।