बलरामपुर। कोरोना वैश्विक महामारी के बीच बलरामपुर चीनी मिल ने 26 हजार पा़ैधे लगाकर पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने का निर्णय लिया है। चीनी मिल की ओर से विभिन्न स्थानों पर इसके तहत अर्जुन, जामुन, नीम, बरगद, महुआ, शीशम, सहजन व सागौन आदि के पेड़ लगाए जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए मिल के अधिशासी अध्यक्ष प्रवीन गुप्ता ने बताया कि पर्यावरण को स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए मिल प्रबंधन ने अपने सामाजिक दायित्वों के तहत यह काम बीते दिनों शुरू कर दिया है। अभी तक पांच हजार पेड़ लगाए जा चुके हैं।
यह काम डीएम कृष्णा करुणेश व डीएफओ रजनीकांत मित्तल व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बस्ती के क्षेत्राधिकारी विजय कुमार के सहयोग से किया जा रहा है। मिल के एचआर हेड राजीव कुमार जायसवाल ने बताया कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए ताजी हवा में सांस लेना जरूरी है।
हमें ताजी हवा तभी मिलेगी जब पर्याप्त वृक्ष होंगे। इस अवसर पर निदेशक डॉ. एके सक्सेना, राजीव गुप्ता, विनोद मलिक, एसडी पांडेय, एमके अग्रवाल, बीएन ठाकुर, एसपी सिंह व उदयवीर सिंह आदि लोग मौजूद रहे।