बलरामपुर। स्कूलों में ग्रीष्म कालीन अवकाश हो गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से विद्यार्थियों को घर बैठे मनचाहा कोर्स पढ़ने की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए विद्यार्थियों को स्वयं एप पर पंजीकरण करना होगा। इससे 11वीं से स्नातक तक के विद्यार्थी विभिन्न विषय के साथ प्रतियोगी परीक्षा की पढ़ाई कर सकेंगे। इस एप का विशेष लाभ गणित व विज्ञान विषय के छात्रों को मिलेगा। एप का प्रयोग करने के लिए शिक्षक विद्यार्थियों को प्रेरित कर रहे हैं।
जिले में 19 एडेड, 18 राजकीय इंटर कॉलेज व 128 वित्तविहीन व माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 11 व 12 में करीब 30 हजार विद्यार्थी अध्यनरत हैं। इसी तरह जिले के आठ महाविद्यालयों के स्नातक में करीब सात हजार छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। कोरोना काल में कई स्कूलों ने ऑनलाइन पढ़ाई कराई थी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने भी इस व्यवस्था को लागू कर दिया था, जिसे अब स्थायी कर दिया गया है। विभाग ने इसके लिए स्वयं एप लांच किया है। इसके माध्यम से 11वीं और 12वीं के साथ ही स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी किसी भी समय हिंदी, गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान आदि विषयों की पढ़ाई कर सकते हैं। एप में विभिन्न विषय के विशेषज्ञों के वीडियो भी अपलोड किए गए हैं। कॉलेजों के शिक्षकों को छात्रों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
डिप्लोमा के कोर्स की भी कर सकेंगे पढ़ाई
-विद्यालयों में शिक्षकों की कमी से पठन-पाठन न कर पाने वाले विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी। स्वयं पोर्टल के जरिए आईआईटी व आईआईएम जैसे संस्थानों से सर्टिफिकेट और डिप्लोमा जैसे कोर्सेज भी कर सकते हैं। अब एक नया विकल्प छात्रों को दिया जा रहा है। कॉलेज से ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर मिल सकेंगे, जो लोग नौकरी कर रहे हैं, वे भी स्वयं प्लस कोर्सेज के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे।
स्वयं एप के बारे में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को बताया जा चुका है। एप पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऑनलाइन शिक्षा में यह एप बच्चों के लिए फायदेमंद होगा।
गोविंद राम, जिला विद्यालय निरीक्षक