बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय में चल रहे संस्थापक सप्ताह समारोह के छठे दिन विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। चित्रकला, वीडियोग्राफी और हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेकर छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. अनुज सिंह के संयोजन में रंग भरो और स्केच वर्ग में हुआ। निर्णायक मंडल के अनुसार रंग भरो वर्ग में कोमल चौरसिया प्रथम, दिव्यांशी वर्मा द्वितीय और रजनी यादव तृतीय स्थान पर रहीं। स्केच वर्ग में सुरेंद्र यादव ने प्रथम, वंदना पांडेय ने द्वितीय तथा सोनल वर्मा व तृप्ति पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
वीडियोग्राफी प्रतियोगिता में क्षितिज गुप्ता ने प्रथम, कनीज फैज अंसारी ने द्वितीय तथा मेहरुन बानो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिलाओं की सुरक्षा में कानून से ज्यादा समाज की भूमिका है-विषय पर हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई। व्यक्तिगत स्पर्धा में शिखा पांडेय प्रथम, हर्षिता श्रीवास्तव द्वितीय और शुमाइला कय्यूम तृतीय स्थान पर रहीं। सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता का सम्मान सौरभ तिवारी को मिला। प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।