फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राप्ती नदी में विलीन होने से स्कूल को बचाने की जद्दोजहद

विज्ञापन
बलरामपुर के कल्यानपुर गांव के पास राप्ती नदी की कटान के जद में प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करत? - फोटो : BALRAMPUR
विज्ञापन
बलरामपुर। राप्ती नदी के कटान से प्रभावित सदर तहसील के कल्यानपुर गांव में स्थित प्राथमिक स्कूल के भवन को बचाने के लिए प्रशासन ने जद्दोजहद शुरु कर दी है। सदर एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव ने कटान स्थल का निरीक्षण कर बाढ़ खंड के अफसरों को निर्देश दिया। राप्ती नदी के कटान का कहर सदर व उतरौला तहसील के करीब 36 गांवों पर टूट रहा है। डीएम कृष्णा करुणेश के निर्देश पर सदर व उतरौला तहसील के एसडीएम ने कटान प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जायजा लिया है।
विज्ञापन

सदर एसडीएम ने बताया कि उन्होंने एक अगस्त को सदर तहसील के कल्यानपुर गांव में राप्ती नदी की कटान का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर को बचाने के लिए बाढ़ खंड के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद अधिशाषी अभियंता और उनकी टीम को लगाया गया है। कल्यानपुर गांव में करीब 25 कच्चे-पक्क मकान कटान से प्रभावित हुए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर परिवार के साथ पहुंचाया गया है। गांव में दो नाव का इंतजाम किया गया है। एक बड़ी नाव भेजी जा रही है। सदर तहसील के ग्राम कठौव्वा, कोड़री, काशीपुर, बेलहा, दतरंगवा, तुरकौलिया, रेहार, कटरा शंकरनगर, दुल्हापुर, बल्लीपुर, लालपुर फगुईया व भीखमपुर में भी नाव उपलब्ध करा दी गई है। बाढ़ प्रभावित गांवों बमें राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों को आकलन करने का निर्देश दिया गया है।
दो अगस्त को उतरौला व बलरामपुर तहसील में स्थित भड़रिया तटबंध पर बंबू क्रेट व नायलान क्रेट में मिट्टी भरी बोरियां रखकर कटान को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरहिया देवर व लालनगर गांव के करीब 300 घरों को बचाने की जद्दोजहद शुरू की गई है। सभी मकान सुरक्षित हैं। बेलहा चरनगहिया तटबंध पर मरम्मत कार्य कराकर लालाजोत गांव के 360 घरों को कटान से सुरक्षा प्रदान की गई है। ग्राम महरी में राप्ती नदी कटान कर रही है। यहां भी कटान नियंत्रण करने के लिए कार्य शुरू किया गया है। ग्राम परसौना, इमिलिया खादर तटबंध व भोजपुर शाहपुर तटबंध पर भी कटानरोधी कार्य कराए गए हैं। बाढ़ खंड के एक्सईएन केके दिवाकर के नेतृत्व में कटानरोधी कार्य का जायजा लिया गया। कटान से स्कूल भवन को बचाने के लिए सभी अधिकारी जुटे हुए हैं।
विज्ञापन

एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़ ने कटान प्रभावित क्षेत्र सुरहिया देवर व अन्य गांवों का भी जायजा लिया और संबंधित लोगों को निर्देश दिया। तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने इमिलिया खादर तटबंध पर ग्राम मधवानगर खादर, बरगदवा, सोहना व फरहुआ का जायजा लिया। इमिलिया खादर तटबंध पर किए जा रहे कटान रोधी कार्य का भी निरीक्षण किया गया। नायब तहसीलदार सदर ने राप्ती नदी की कटान से प्रभावित ढोंढरी गांव का निरीक्षण किया और राहत के बारे में जायजा लिया। ढोंढरी कलंदरपुर संपर्क मार्ग से 20 मीटर की दूरी पर नदी कटान कर रही है। गांव में अभी तक कोई मकान प्रभावित नहीं हुआ है। 15 से 20 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हो चुकी है जिसमें फसल का नुकसान हुआ है। ढोंढरी कलंदरपुर संपर्क मार्ग के पास बिजली के खंभे व कब्रिस्तान की जमीन भी जद में आ सकती है। मौके पर राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को तैनात कर दिया गया है। भारी बारिश के चलते राप्ती नदी में फिर से उफान आने की संभावना बढ़ गई है जिसको लेकर प्रशासन की तरफ से सतर्कता बरती जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें