बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान अराजकता फैलाने वालों पर पुलिस की तरफ से पहले से शिकंजा कसा जा रहा है। गांव-गांच चौपाल लगाकर अराजक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है। एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देशन व एएसपी अरविंद मिश्र के पर्यवेक्षण में गांवों में चौपाल लगाई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ललिया थाना जयदीप दूबे की अध्यक्षता में सोमवार को श्रीनगर गांव में चौपाल लगाई गई। चौपाल को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को ध्यान में रखकर कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैठकें की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक हरैया थाना उपेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में अंधरपुरवा व गुगौलीखुर्द में चौपाल लगाई गई। चौपाल के दौरान बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के बारे में प्रकाश डाला गया।
जिले के सभी थानों पर महिला हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है, जिस पर बेटियां व महिलाएं अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते है। इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकाल सेवा, यूपी 112, ट्विटर सेवा, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में बताया गया। ग्राम पंचायत चमरुपुर में उतरौला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक वकील पांडेय की अध्यक्षता में चौपाल लगाई गई।