बलरामपुर। सदर तहसील क्षेत्र के पडरी रैकवार गांव में रामनवमी के दिन स्ट्रीट लाइट की बिजली कटने से शुरू हुआ विवाद विधायक और जेई के बीच तीखी नोकझोंक तक पहुंच गया। दोनों के बीच फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया और पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया। ऑडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
बताया जा रहा है कि रामनवमी के मौके पर गांव में धार्मिक कार्यक्रम चल रहे थे। इसी दौरान बृहस्पतिवार की शाम को स्ट्रीट लाइट की बिजली काट दी गई, जिससे रात में अंधेरा छा गया और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम प्रधान सुभाष वर्मा ने इसकी शिकायत विधायक पल्टूराम से की।
शिकायत मिलने पर विधायक ने जानकारी जुटाई तो जेई राम चरित्र का नाम सामने आया। आरोप है कि उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर स्ट्रीट लाइट की बिजली कटवाई। इस पर विधायक ने जेई को फोन कर बिजली काटने की वजह पूछी। फोन पर बातचीत के दौरान जेई ने आरोप से इन्कार कर दिया। कहा कि उन्होंने बिजली नहीं कटवाई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।
विधायक ने कार्यशैली सुधारने की नसीहत देते हुए छुट्टी पर चले जाने तक की बात कह दी। इसके बाद जेई ने पूरी बातचीत का ऑडियो वायरल कर दिया, जिससे मामला और गरमा गया। जेई राम चरित्र ने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें धमकाया है। वहीं विधायक पलटूराम ने कहा कि उन्होंने कोई धमकी नहीं दी, बल्कि जनहित में चेतावनी दी है। कहा कि जनहित की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल अभी प्रशासन ने किसी तरफ से शिकायत मिलने की पुष्टि नहीं की है।