बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज के हॉकी मैदान पर शनिवार से शुरू हुए महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच जीतकर स्टार इलेवन, बलरामपुर की टीम ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
टूर्नामेंट का दूसरा मैच हॉकी अकादमी, करमपुर की टीम ने जीता। स्टार इलेवन बलरामपुर के हसन एवं एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ के खिलाड़ी केताव कुशवाहा को शानदार खेल का प्रदर्शन करने पर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
शनिवार को टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच स्टार इलेवन बलरामपुर एवं हॉकी अमरावती महाराष्ट्र की टीमों के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि महाराजा जयेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। मैच के 26वें मिनट में स्टार इलेवन बलरामपुर के हैदर अली ने मैदानी गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
हॉकी अमरावती महाराष्ट्र के नितेश न्यूपाने ने अगले ही मिनट में मैदानी गोल करके टीम को बराबरी पर ला दिया। मैच के पहले हॉफ तक दोनों टीमें एक-एक गोल करके बराबरी पर रही।
मैच के 58वें मिनट में स्टार इलेवन बलरामपुर के खिलाड़ी विश्वजीत ने मैदानी गोल करके टीम को 2-1 गोल से जीत दिलाई। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए स्टार इलेवन के खिलाड़ी हसन को कांग्रेस नेता दीपांकर सिंह की तरफ से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दूसरा मैच हॉकी अकादमी करमपुर एवं एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ के बीच खेला गया।
मैच के 28वें मिनट में करमपुर के खिलाड़ी चंदन राजभर ने पेनाल्टी कार्नर तथा 91वें मिनट में पुनीत राजभर एवं 54वें व 57वें मिनट में राहुल राजभर ने मैदानी गोल किया। मैच के अंत तक एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
टूर्नामेंट का दूसरा मैच हॉकी अकादमी करमपुर की टीम ने 4-0 गोल से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करने पर एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ के खिलाड़ी केताव कुशवाहा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।