फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: प्रतिभाओं को निखारने वाले खेल मैदान बदहाल

Mon, 20 Jul 2026 11:37 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर के स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज मैदान में बैठे छुट्टा मवेशी । - फोटो : अमर उजाला/संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में बने खेल मैदान बदहाली से जूझ रहे हैं। विद्यार्थियों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने की व्यवस्था परवान नहीं चढ़ पा रही है। जिले के अधिकांश राजकीय, सहायता प्राप्त व निजी माध्यमिक विद्यालयों के खेल मैदान बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। नियमित साफ-सफाई के अभाव में कहीं घास-फूस और झाड़ियां उगी हैं तो कहीं मैदान ऊबड़-खाबड़ होने से अभ्यास करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
विज्ञापन



जिला मुख्यालय स्थित सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालय एमपीपी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज व बीएवी इंटर कॉलेज में खेल मैदान खिलाड़ियों के खेलने लायक नहीं है। मैदान में दो-दो फीट तक घास उगी हुई है। बड़ी-बड़ी घास में विषैले जीव-जंतुओं का डर बना रहता है। ऐसे में विद्यार्थी के साथ शिक्षक भी मैदान में जाना मुनासिब नहीं समझते हैं।

पूर्व छात्र प्रशांत सिंह, शिव नंदन व रोहित ने बताया कि पहले एमपीपी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में क्रिकेट पिच व बैडमिंटन कोर्ट बना था, जो अब गायब हो गया है। यह मैदान अब प्राइवेट बस खड़ा करने का अड्डा बन चुका है। तुलसीपुर के स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज का खेल मैदान राजनीति और प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। तुलसीपुर नगर में एकमात्र खेल मैदान के सुंदरीकरण और बाउंड्रीवॉल निर्माण का काम वर्षों से ठप पड़ा है।
विज्ञापन


एक वर्ष पहले इस खेल मैदान के बाउंड्रीवॉल और गेट निर्माण के लिए करीब 32 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। करीब आठ महीने पहले इस कार्य का टेंडर भी पास हो गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही से खिलाड़ियों की मंशा परवान नहीं चढ़ सकी। खेल मैदान बदहाल है। खिलाड़ियों की जगह मैदान में छुट्टा जानवरों का जमावड़ा रहता है। सत्यम श्रीवास्तव, अनिल कुमार और अनूप गुप्त ने कहा कि खेल मैदान में व्यवस्था न होने से कॉलेज के साथ शहर के अन्य खिलाड़ी भी अभ्यास नहीं कर पाते हैं।

स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलों का होता है आयोजन
कहने को तो विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में अधिकांश राजकीय, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों में खेल मैदान ही नहीं है। जिला मुख्यालय स्थित एमडीके बालिका विद्यालय, बलरामपुर गर्ल्स इंटर कॉलेज, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज व माडर्न इंटर कॉलेज सहित ग्रामीण क्षेत्र के तमाम विद्यालयों में खेल मैदान की व्यवस्था नहीं है।

माध्यमिक खेल समिति की तरफ से प्रत्येक वर्ष विभिन्न आयु वर्गों में खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाता है। माध्यमिक विद्यालयों के खेल मैदानों में फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन व क्रिकेट खेलने की व्यवस्था न होने के कारण स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। खेल समिति के सचिव मो. सुहेल ने बताया कि वर्ष 2026-27 में खेल प्रतियोगिताओं के लिए कैलेंडर जारी कर दिया गया है। अगस्त से विभिन्न खेलों का आयोजन कराया जाएगा।
विज्ञापन



राजकीय माध्यमिक विद्यालय - 22
सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय - 19
आश्रम पद्धति विद्यालय - 02
स्व वित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय - 125
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें