फोटो-32-वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एसपी विकास कुमार ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। जिले में सड़क सुरक्षा मजबूत करने और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस को दो दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन मिले हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर दोनों वाहनों को रवाना किया।
यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से उपलब्ध कराए गए इन इंटरसेप्टर वाहनों का उपयोग तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किया जाएगा। इनके माध्यम से ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, स्टंट बाइकिंग, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।