बलरामपुर/तुलसीपुर। तराई क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा देने के लिए गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। सेवा यात्रा के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों का उपचार कर उन्हें बीमारियों के उपचार की जानकारी देगी। पांच फरवरी से स्वास्थ्य सेवा यात्रा का शुभारंभ होगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य संगठन की तरफ से गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के तहत जिले के हरैया, तुलसीपुर, गैसड़ी व पचपेड़वा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। तीन दिवसीय शिविर में लखनऊ व कानपुर सहित अन्य जनपदों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आएगी। एनएमओ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा ने बताया कि सेवा यात्रा का शुभारंभ पांच फरवरी को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में होगा।
छह व सात फरवरी को सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। सामान्य रोगों की जांच, महिला व बाल स्वास्थ्य सेवाएं, नेत्र परीक्षण के साथ मरीजों का दवा वितरित की जाएगी। स्वास्थ्य सेवा यात्रा के जिला संयोजक रामकृपाल ने बताया कि पिछले वर्ष पचपेड़वा, गैसड़ी, तुलसीपुर व शिवपुरा ब्लॉक में लगाए गए शिविर 55,821 मरीजों का उपचार किया गया था, जिसमें 14 मेडिकल कॉलेजों से 247 चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान की थीं।