उतरौला में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद युवा ।
बलरामपुर। देवीपाटन मंडल में पहली बार नए वर्ष के अवसर पर उतरौला में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। फ्यूचर केयर चैरिटेबल ब्लड सेंटर की तरफ से आयोजित समारोह में देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों के 100 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह का शुभारंभ अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से इंफ्लुएंसर सामाजिक कुरीतियों को भी खत्म करने का काम कर रहे हैं। युवा सोशल मीडिया पर इंफ्लुएंसर के रूप में पहचान बनाकर जिले का नाम बढ़ा रहे हैं। ऐसे में इंफ्लुएंसरों का सम्मान होना जरूरी है। चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने कहा कि इस समारोह का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से समाजहित में किए गए कार्यों के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर 10 युवाओं ने रक्तदान भी किया। महेंद्र वर्मा, वीरेंद्र मिश्र, दिव्या, जाह्नवी गुप्त, जानवी प्रजापति, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, प्रतीक्षा श्रीवास्तव, सौरभ व सत्यम साहू आदि सम्मानित किए गए।