बलरामपुर। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों की फ्रीज मतदाता सूची में दर्ज 68.71 फीसदी वोटरों का मिलान करके गणना प्रपत्र भरा जा चुका है। अब 11 दिसंबर तक चार लाख 95 हजार 278 वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाने की चुनौती है।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेजी से चल रहा है। 172 सुपरवाइजरों की निगरानी में 1724 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर अभियान को पूरा करने में जुटे हुए हैं। अभियान के दौरान फ्रीज मतदाता सूची में दर्ज 15 लाख 83 हजार 27 वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाना है। बृहस्पतिवार की शाम चार बजे तक 68.71 फीसदी के साथ 10,87,749 वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाया जा चुका है। अब 11 दिसंबर तक 31.28 फीसदी के साथ 4,95,278 वोटरों का गणना प्रपत्र भरा जाना बाकी है।
हरैया सतघरवा ब्लॉक के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/बीईओ शिवपुरा सियाराम वर्मा ने कई बूथों का निरीक्षण किया। बताया कि 95 से 187 बूथों पर मेरी निगरानी में बीएलओ कार्य कर रहे हैं। इन 92 बूथों पर 90,207 वोटरों का गणना प्रपत्र भराया जाना है। इसके सापेक्ष अब तक 80 हजार 227 वोटरों के गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन अपलोड किया जा चुका है। बीईओ ने बाकी बचे 9,980 वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों के साथ कोटेदारों को सौंपी है।
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र अव्वल, बलरामपुर फिसड्डी
एसआईआर में गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र अव्वल है। यहां 74.09 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाया जा चुका है, जबकि 25.91 वोटरों का गणना प्रपत्र भरा जाना शेष है। दूसरे नंबर पर तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र है। तुलसीपुर में 72.57 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरा जा चुका है। अब 27.43 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरा जाना है। तीसरे नंबर पर उतरौला है, यहां 65.24 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरा गया है, जबकि 34.76 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरा जाना है। बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र चौथे व अंतिम पायदान पर है। यहां 64.22 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरा जा चुका है, जबकि 35.78 फीसदी का गणना प्रपत्र भरना है।
समय से पूरा कराया जाएगा एसआईआर
चारों विधानसभा क्षेत्रों में 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य पूरा हो जाएगा। सुपरवाइजरों व बीएलओ को समय से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
- ज्याेति राय, एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी