हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के बनकटवा रेंज क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात वन विभाग की टीम ने स्कॉर्पियो से ले जाई जा रही 17 बोटा खैर की लकड़ी बरामद की है। इसकी कीमत बाजार में एक लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि स्कॉर्पियो सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। श्रावस्ती के वाहन नंबर के आधार पर वन विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है।
डीएफओ डॉ. एम सेम्मारन ने बताया कि कुछ दिनों से जंगली लकड़ी की तस्करी के बारे में सूचना मिल रही थी। इस पर अलग से टीम का गठन किया गया था। टीम तीन दिनों से नजर रखे हुए थी। बृहस्पतिवार की रात सूचना मिलने के बाद उप प्रभागीय वनाधिकारी एमबी सिंह, प्रभारी रेंजर अनिमेष वर्मा के नेतृत्व में बनकटवा रेंज की टीम ने भटपुरवा गांव के पास छापा मारा। तभी एक स्कॉर्पियो आती हुई दिखाई दी, वन विभाग टीम की भनक लगते ही तस्कर रास्ते में ही वाहन छोड़ टीम के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।
टीम ने कुछ दूर पीछा किया लेकिन, अंधेरा होने के कारण हाथ नहीं लग सके। टीम ने स्कॉर्पियो से खैर की लकड़ी के 17 बोटे बरामद किए हैं। इनकी कीमत बाजार में एक लाख रुपये आंकी जा रही है। टीम ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
की जा रही है जानकारी
जांच में वन विश्राम भवन पिपरा के पास खैर के दो पेड़ों की कटान की जानकारी हुई है। इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। वाहन श्रावस्ती का है। इसके आधार पर वाहन मालिक के बारे में जानकारी की जा रही है। - एमबी सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी