बलरामपुर। जिले में चार दिनों के अंदर छह हजार से अधिक परदेसियों की आमद हो चुकी है जिनका ब्योरा जिले की सभी सील सीमाओं पर जुटाया गया है। गैर राज्यों व जनपदों से आने वालों का तांता लगा हुआ है। आने वाले समय में इनकी संख्या 20 हजार से अधिक होने का अनुमान है।
गौरतलब है कि लॉकडाउन अवधि में गैर राज्यों व जनपदों में पढ़ने वाले छात्रों व काम करने वाले श्रमिकों को सरकार की तरफ से घर वापसी का रास्ता साफ किया गया है। हरी झंडी मिलते ही गैर राज्यों व जनपदों से छात्रों व श्रमिकों का आना शुरू हो गया है। चार दिनों में छह हजार से अधिक लोग बलरामपुर पहुंच चुके हैं जिन्हें क्वारंटीन सेंटरों में रखा जा रहा है।
गैर राज्यों व जनपदों से आने वालों को एकांतवास में रखने के लिए प्रशासन की तरफ से करीब एक हजार क्वारंटीन सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। भविष्य में करीब 20 हजार से अधिक छात्रों व श्रमिकों के आने की उम्मीद है। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने बताया कि गैर राज्यों व जनपदों से आने वालों को एकांतवास में रखने के लिए संसाधनों से युक्त क्वारंटीन सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी सील सीमाओं पर रोककर बाहर से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें क्वारंटीन सेंटरों में रखा जा रहा है। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह को क्वारंटीन सेंटरों में रखे जा रहे लोगों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।